दुर्ग |भिलाई की सबसे बड़ी टीएनसी अप्रूव्ड कालोनी चौहान टाउन की लिफ्ट में एक बुजुर्ग महिला के दोनों पैर फंस गए। इससे महिला के पैरों की हड्डी टूट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मैकेनिक को बुलाया गया और लिफ्ट को बंद करके बुजुर्ग को बाहर निकाला गया। महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार सावित्री देवी (60वर्ष) अपने परिवार के साथ ऊपरी मंजिल में जाने के लिए लिफ्ट में चढ़ रही थी। बेटा,बहू और नातिन तो लिफ्ट में चढ़ गए, लेकिन सावित्री देवी नहीं चढ़ पाईं। वह लिफ्ट में चढ़ ही रही थीं और दरवाजा भी बंद नहीं हो पाया था और लिफ्ट चालू हो गई। इससे सावित्री देवी गिर गईं और उनका पैर लिफ्ट के बाक्स से लटक गया। लिफ्ट उनके पैर को उसी हालत में दबाते हुए सीधे 5वीं मंजिल में रुकी। वहां जाकर लिफ्ट बंद हो गई और बुजुर्ग महिला के दोनों पैर नीचे फंसे रहे। महिला के परिवार वालों ने काफी कोशिश की लेकिन पैर नहीं निकला। चारों तरफ खून फैल गया था। अधिक खून निकलने से महिला बेहोश हो गई। बाद में टेक्नीशियन की टीम पहुंची और किसी तरह महिला के पैर को लिफ्ट से बाहर निकाला गया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। डाक्टरों का कहना है कि दोनों पैर बुरी तरह डैमेज हो गए हैं।