पुलिस ने रखा था 25 हजार का इनाम
लखनऊ। लखनऊ के कृष्णानगर थाने की पुलिस ने सोमवार को 45 करोड़ के गबन के आरोपी केनरा बैंक के पूर्व मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ जनवरी, 2021 में केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय प्रमुख ने मुकदमा दर्ज कराया था। उस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।

ग्राहक के खाते से निकाले थे रुपए

कृष्णानगर इंस्पेक्टर आलोक राय के मुताबिक, 31 जनवरी, 2021 को केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय प्रमुख मनोज कुमार मीणा ने कृष्णानगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें उन्होंने मैनेजर अखिलेश कुमार पर 45 करोड़ रुपए के गबन का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि 29 जनवरी, 2021 को एक ग्राहक ने उसके खाते से अनाधिकृत तरीके से रुपए निकाले जाने की शिकायत की थी। इसके बाद जांच में एलडीए कॉलोनी ब्रांच में 45 करोड़ रुपए के गबन का खुलासा हुआ।
संपत्ति कुर्क होने का जारी हो चुका था नोटिस
छानबीन में सामने आया कि ऐशबाग निवासी बैंक अधिकारी अखिलेश कुमार का इसमें हाथ है। इसके चलते उनको निलंबित कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही अखिलेश फरार चल रहा था। जिसके चलते अखिलेश की संपत्ति कुर्क करने के लिए सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्रवाई (कुर्की नोटिस) की जा चुकी थी। साथ ही उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। सोमवार को अखिलेश को बाराबिरवा चौराहा लेबर मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गबन में शामिल अन्य लोगों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।