दो इंजेक्शन लगाने के बाद दर्द से तड़पती रही युवती
बिनोरी। झोलाछाप (बंगाली) डॉक्टर ने इलाज के नाम पर महिला को मार डाला। महिला खांसी-जुकाम की दवा लेने गई थी। क्लिनिक पर मौजूद युवक ने एक-एक कर 2 इंजेक्शन लगाए, जिससे महिला की हालत और बिगड़ गई। दर्द से वह चिल्लाती रही और दम तोड़ दिया। जांच के लिए उसे सरकारी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद युवक वहां से भाग निकला। महिला के पिता ने आरोपी के खिलाफ दौसा के मंडावली थाने में FIR कराई है। मामला लासोट उपखंड के बिनोरी गांव का है।

पैदल चलकर गई थी क्लिनिक तक
बिनोरी निवासी चौथमल बैरवा ने बताया कि उनकी बेटी ममता (21) की शादी गंगापुरसिटी के पास परीता का बास में हुई थी। वह रक्षाबंधन पर पीहर आई थी, जिसके बाद वापस ससुराल नहीं गई। कुछ दिनों से सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। घर से पैदल चलकर ही शुभाशीष विश्वास की क्लिनिक तक गई थी। झोलाछाप डॉक्टर के भतीजे ने दवा देने की बजाय इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद चाय-बिस्कुट खाने को दे दिया। कुछ देर बाद एक और इंजेक्शन लगा दिया। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन लगाते ही उसके पेट में दर्द होने लगा। तेज दर्द की वजह से वह चिल्लाती रही उसे उल्टी भी हो रही थी।। तड़पते हुए वह अचेत हो गई।


मौका देख फरार हुआ झोलाछाप
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर झोलाछाप डॉक्टर व परिजन ममता को लालसोट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने झोलाछाप से इंजेक्शन के बारे में पूछा। इसके बाद ममता को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही वहां से झोलाछाप डॉक्टर फरार हो गया।
पुलिस बोली- कार्रवाई करेंगे
मंडावरी थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि बिना डिग्री के क्लिनिक चलाकर मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। युवती का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का खुलासा होगा। मामले की जांच की जा रही है।